बंगाल दौरे के 3 दिन बाद भाजपा अध्यक्ष नड्डा पॉजिटिव, देश में 24 घंटे में 3 हजार से ज्यादा मरीज घटे

नई दिल्ली (एजेंसी)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। तीन दिन पहले ही वह बंगाल दौरे पर थे। वहां 9 और 10 दिसंबर को उन्होंने रोड शो और रैलियां की थीं। नड्डा ने सोशल मीडिया पर खुद के संक्रमित होने की जानकारी दी। उनके आगे के सभी कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा कि कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है, डॉक्टर्स की सलाह पर होम आइसोलेशन में सभी गाइडलाइंस का पालन कर रहा हूं। मेरा अनुरोध है, जो भी लोग पिछले कुछ दिनों में संपर्क में आएं हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं। देश में कोरोना के मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटे में 3 हजार 138 एक्टिव केस कम हुए हैं। देश में अब कुल 3 लाख 54 हजार 904 (कुल संक्रमितों का 3.62फीसद) एक्टिव केस हैं, यानि इतने मरीजों का इलाज चल रहा है। यह पिछले 148 दिन में सबसे कम है। इससे पहले 17 जुलाई को देश में 3 लाख 59 हजार 679 एक्टिव केस थे।