प्रदेश के 20 में से 13 जिलों में भाजपा का प्रमुख, कांग्रेस मात्र 5 और निर्दलीय ने 2 सीटें जीतीं
जयपुर (कासं.)। प्रदेश के 21 में से 20 जिलों में जिला प्रमुख चुन लिए गए। इनमें 13 में भाजपा का प्रमुख चुना गया, जबकि कांग्रेस ने 5 और निर्दलीय ने 2 सीटें जीतीं। झालावाड़ में ईवीएम मशीन में दिक्कत आने की वजह से दोबारा मतदान करवाया गया। नतीजे शुक्रवार को आएंगे। इससे पहले, बुधवार को पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के नतीजों आए थे।गुरुवार को दोपहर बाद जिला परिषद सदस्यों ने जिला प्रमुख चुनने के लिए मतदान किया। 21 जिलों में जिला परिषद की 636 सीटों में से भाजपा ने 353 और कांग्रेस ने 252 सीटें जीती थीं। इसके अलावा, पंचायत समिति में भाजपा ने 1989 व कांग्रेस ने 1852 सीटें जीती थीं। 21वें जिले झालावाड़ में ईवीएम मशीन में दिक्कत आने की वजह से पुन: मतदान करवाया गया। इसका परिणाम 11 दिसंबर को आएगा।बूंदी जिला परिषद में चंद्र कला कंवर प्रमुख चुनी गईं। उन्होंने भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ा था। कांग्रेस के सपोर्ट से प्रमुख चुनी गईं। प्रमुख बनते ही चंद्र कला ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। राज्यमंत्री अशोक चांदना ने उन्हें सदस्यता ग्रहण कराई।वहीं, झुंझुनू जिला परिषद में भाजपा के टिकट से चुनाव जीतीं हर्षिनी कुलहरी प्रमुख चुनी गई हैं। वे सांसद नरेंद्र कुमार की पुत्रवधु हैं। भीलवाड़ा जिले में भाजपा की बरजी देवी भील प्रमुख चुनी गईं। अजमेर में भी भाजपा से बागी सुशील कंवर प्रमुख बनीं। उन्होंने कांग्रेस के समर्थन से
चुनाव जीता।