देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल की रेट बताने की सुविधा करीब ढाई घंटे रही ठप!
नई दिल्ली। डीजल-पेट्रोल के दाम में आज लगातार पांचवें दिन बढ़ोतरी हुई है। जून 2017 से पहले महीने में सिर्फ दो बार कीमतें बदलती थीं और ये कीमतें तमाम सरकारी तेल कंपनियों की वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी जाती थीं। लेकिन जून 2017 से रोजाना कीमतों में बदलाव की व्यवस्था लाई गई, जिसके बाद कई कंपनियों ने रोज वेबसाइट पर दाम अपडेट करना बंद कर दिया, जिनमें से एक है इंडियन ऑयल। यहां से डीजल-पेट्रोल के दाम जानने के लिए आपको एक खास मैसेज करना होता है, लेकिन आज यानी रविवार की सुबह इंडियन ऑयल भी छुट्टी मनाने के मूड में दिखा।देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल से अगर आप डीजल-पेट्रोल के रेट जानना चाहते हैं तो आपको उसकी वेबसाइट खंगालने के बाद पता चलेगा कि सिर्फ मोबाइल से मैसेज के जरिए ही आप रेट पता कर सकते हैं। ऐसे में कंपनी की जिम्मेदारी है कि सुबह 6 बजे डीजल-पेट्रोल के रेट बदलने के बाद मैसेज के जरिए रेट मुहैया कराने का उनका प्लेटफॉर्म सही से काम करे। आखिरकार इंडियन ऑयल देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी है। आज रविवार को कंपनी को कई मैसेज किए गए, लेकिन रेट को लेकर कोई रिप्लाई नहीं आया। सुबह करीब ढाई घंटे तक मैसेज से रेट जानने की सेवा बंद रही। कंपनी की तरफ से पहला रिप्लाई 8.32 बजे आया।जब से रोजाना दाम अपडेट होने की व्यवस्था आई है, तब से लोग सुबह से ही ये जानने की कोशिश करते हैं कि आज रेट कितने बढ़े या गिरे। लेकिन आज लोगों को बेशक परेशानी झेलनी पड़ी होगी, क्योंकि उन्हें इंडियन ऑयल की एसएमएस सेवा से जरिए दाम नहीं मिल सके। ऐसे में लोगों के सामने सिर्फ एक ही विकल्प बचता है कि वह अन्य वेबसाइट या अन्य तेल कंपनियों के मैसेजिंग सेवा का रुख करें।