टेक महिंद्रा अपने कर्मचारियों के कोविड-19 टीके का खर्च उठाएगी
नई दिल्ली। टेक महिंद्रा ने दुनियाभर में अपने कर्मचारियों के कोविड-19 टीकाकरण का खर्च खुद उठाने की घोषणा की है। टेक महिंद्रा ने अपने सभी कर्मचारियों से कहा है कि वे सरकार के ऐप कोविन/आरोग्य सेतु के जरिये टीका लगवाने को पंजीकरण कराएं और उसके बाद आगे की प्रक्रिया का पालन करें। दुनिया के 90 देशों में टेक महिंद्रा के कर्मचारियों की संख्या 1,21,900 है। टेक महिंद्रा के वैश्विक प्रमुख जन अधिकारी और विपणन प्रमुख हर्षवेंद्र सोइन ने कहा, अपने कर्मचारियों की स्वास्थ्य देखभाल के तहत हम दुनियाभर में अपने सभी कर्मचारियों के कोविड-19 टीके का खर्च खुद उठाएंगे। यह हमारी कारोबार से पहले सेहत की प्रतिबद्ता को दर्शाता है। टेक महिंद्रा ने कोविड-19 जोखिम जांच परीक्षण एमहेल्दी की भी घोषणा की है। इस परीक्षण से यह सुनिश्चित होगा कि टेक महिंद्रा के परिसर में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ है। इससे कार्यस्थल की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। रियल एस्टेट डेवलपर लोढ़ा समूह ने कहा कि वह अपने सभी कर्मचारियों, सहयोगियों और परिवार के सदस्यों का कोविड-19 वैक्सीन लगवाने का खर्च उठाएगा। समूह ने एक विज्ञप्ति में कहा कि वह अपने कर्मचारियों और उनके आश्रितों (जीवनसाथी और माता-पिता सहित) तथा कंपनी से जुड़े किसी तीसरे पक्ष को सुविधाजनक ढंग से वैक्सीन लगवाने की व्यवस्था करेगा। लोढ़ा समूह की अध्यक्ष (मानव संसाधन) जान्हवी सुखतनकर ने कहा, रियल एस्टेट उद्योग आने वाले समय में भारत की आर्थिक वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसलिए हमारे कार्यबल की सेहत आवश्यक है, ताकि क्षेत्र को वृद्धि की उच्च राह पर बनाए रखा जा सके और देश का पुनर्निर्माण किया जा सके।